मुख्यमंत्री का है हरदा से भी नाता और दोस्ताना
रोलगांव के कुछ यादव परिवारों में भी है करीबी रिश्तेदारी

हरदा। दक्षिण उज्जैन विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार चुनाव जीतकर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने डाॅ. मोहन सिंह यादव के संपर्क संपूर्ण मध्यप्रदेश में हैं। उन्होंने ‘आरएसएस’ और भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए अपने संपर्कों को काफी विस्तार दिया है। उनके हरदा के पूर्व विधायक एवं पूर्व कृषिमंत्री कमल पटेल के साथ जहां करीबी दोस्ताना है। उनके मुख्यमंत्री बनने पर श्री पटेल ने पार्टी नेता कैलाश विजयवर्गीय के साथ इंदौर एयरपोर्ट पहुंचकर सीएम बनने की बधाई दी।
इधर श्री यादव की रिश्तेदारी भी हरदा सहित प्रदेश के अन्य जिलों में बताई जा रही है। इसमें उनका करीबी नाता बुरहानपुर और हरदा से बताया जा रहा है। एक दिन पूर्व उनको मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद उनकी रिश्तेदारी संबंधी चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। इसमें बताया जा रहा है कि नए सीएम का हरदा जिले से भी नाता है। इसमें यहां के यादव बहुल ग्राम रोलगांव के कुछ यादव परिवारों से उनकी करीबी रिश्तेदारी बताई जा रही है।