हृदयभूमि, हरदा।
नवीन पदोन्नति नियमों को लागू करने हेतु प्रांतीय अजाक्स के निर्देशानुसार जिला अजाक्स संघ द्वारा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। इसमें कर्मचारियों के हितार्थ संगठन ने अन्य मुद्दों को भी उठाया है। संगठन ने धरना प्रदर्शन कर रैली निकालने बाद संयुक्त कलेक्टर सतीश राय को यह ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर अजाक्स जिलाध्यक्ष श्रीमती सीमा निराला ने ज्ञापन सौंपकर कहा कि अजाक्स समाज में समानता, न्याय, स्वतंत्रता का हमेशा पक्षधर रहा है। देश की न्याय- पालिका, कार्य-पालिका व शासन प्रशासन में आरक्षण रोस्टर अनुसार सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित होना चाहिए।
ज्ञापन में की मांगें-
1. पदोन्नति में आरक्षण हेतु मध्यप्रदेश के स्पेशल कौंसिल एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता मनोज गोरकेला द्वारा बनाए गए नवीन पदोन्नति नियम शीघ्र लागू किया जाए।
2. मध्यप्रदेश की वर्तमान स्थिति में अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लगभग 1,05,000 बैकलॉग के रिक्त पदों की समय सीमा में शीघ्र पूर्ति की जाएं।
3. मध्यप्रदेश न्यायिक सेवाओं में सिविल जजों की भर्ती में अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग/अन्य पिछड़ा वर्ग के निर्धारित आरक्षण के लिए पूर्व की भांति न्यायिक सेवा सिविल जजों की भर्तियां मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से की जाएं। एवं न्यायिक सेवा में साक्षात्कार प्रक्रिया को समाप्त किया जाए अथवा यदि संभव न हो तो साक्षात्कार के अधिकतम 10 प्रतिशत अंक निर्धारित किए
जाकर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए तथा साक्षात्कार प्राप्त करने की शर्त खत्म की जाए।
4. उच्च पदों का प्रभार वरिष्ठता के आधार पर दिया जाये जिसमें आरक्षण रोस्टर का पालन सुनिश्चित किया जाए।
5. आउटसोर्स प्रथा को समाप्त कर नियमित नियुक्ति की जावे एवं विशेष परिस्थिति में लागु करना आवश्यक हो तो उसमें आरक्षण रोस्टर का पालन किया जाए।
6. अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के छात्रों को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाए।
7. प्रत्येक तहसील में 500, प्रत्येक ब्लॉक में 1000, प्रत्येक जिले में 5000, संभाग में 10000, प्रदेश की राजधानी में 20000 छात्रों की संख्या का छात्रावास खोला जाए।
8. अन्य राज्यों की भांति पुरानी पेंशन योजना को कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हितों में शीघ्र लागू करने के साथ ही हरदा जिले की टिमरनी तहसील में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापित की जाए व स्वीकृत छात्रावासों का शीघ्र निर्माण कराए जाने संबंधी मांगे रखी गई है।
इस अवसर पर अजाक्स जिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा निराला, उपाध्यक्ष डॉ. प्रेमनारायण इवने, महासचिव सुभाष मसकोले, निर्भयदास दूधे, हीरालाल चौहान, कोषाध्यक्ष बालाराम आहके, प्रयाग राज, अनीता पन्द्राम, रामचंद्र अहिरवार, समोती ऊइके, सुरेश धुर्वे, निशा सोलंकी, राजेश पवार, मंगला ऊइके, सरपंच सींगोन सुनील चौहान सहित अन्य पदाधिकारी व सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।