
हरदा। कलेक्टर ऋषि गर्ग ने राज्य शिक्षा केंद्र एवं स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा राज्यस्तरीय गणित विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया, जिला परियोजना समन्वयक मुकेश द्विवेदी, सहायक संचालक शिक्षा विभाग देवेन्द्रसिंह रघुवंशी शामिल हुए। ज्ञात हो राज्य गणित विज्ञान में जिले से शासकीय माध्यमिक शाला सामरधा के छात्र सक्षम गौर राज्य में प्रथम रहे। सक्षम ने गणित में मॉडल, छात्रा श्रेया गौर, हर्षा मालवीय ने पर्यावरण अनुकूल सामग्री पर मॉडल प्रस्तुत किए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बागरूल के छात्र अध्यापक योगेश मालवीय का डाइट स्तर पर जैविक खेती संबंधी मॉडल भी राज्य में प्रथम रहा। प्रतियोगिता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान से संजय वर्मा शामिल हुए। डाइट प्राचार्य मनोज जैन, महेश गुप्ता, सुरेश पाटिल, जितेन्द्र पटेल ने नेशनल स्तर पर जाने की बधाई दी।