April 6, 2026 |

#हरदा का नवाचार : सिर्फ बेटी वाले परिवारों को स्कूल, कॉलेज, होटल व नर्सिंग होम्स में मिलेगी छूट

बेटी बचाओ अभियान में जिला प्रशासन की अभिनव पहल

Hriday Bhoomi 24

हृदयभूमि, हरदा/

घटते लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए हरदा जिला प्रशासन द्वारा शुरू किए गए नवाचार से बेटियों के पालकों को अनेक लाभ मिलेंगे। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत यहां ‘‘रेवा शक्ति’’ नामक कार्यक्रम शुरू किया गया है।

बनेगा हरदा डाॅटर्स क्लब-

कलेक्टर आदित्य सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत सिर्फ एक या दो बेटियों वाले परिवारों को शामिल कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा। श्री सिंह ने बताया कि ‘‘हरदा डॉटर्स क्लब’’ के परिवारों के सदस्यों को ‘‘कीर्ति कार्ड’’ जारी किये जायेंगे।

मिलेंगी सुविधाएं –

कीर्ति कार्ड धारकों को प्रायवेट नर्सिंग होम्स में उपचार कराने, होटल व रेस्टोरेंट में खाने, प्रायवेट स्कूलों व कॉलेजों में बेटियों के एडमिशन के मामलों में डिस्काउंट की सुविधा दिलाई जाएगी। उन्होने बताया कि डॉटर्स क्लब के लिये भवन चिन्हित कर लिया गया है।

कीर्ति कार्ड धारकों को पचमढ़ी, इन्दौर भोपाल में भी मिलेगा डिस्काउंट

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के इस नवाचार को पंचमढ़ी, भोपाल और इन्दौर के संस्थानों ने भी समर्थन दिया है। पचमढ़ी के 3 होटल्स ने भोजन व्यवस्था के बिलों में 10 से 20 प्रतिशत तक छूट देने पर सहमति दी है। भोपाल के 1 प्रतिष्ठित कॉलेज तथा 1 स्कूल ने भी अपनी फीस में कीर्ति कार्ड धारक परिवार की बालिकाओं को 10 प्रतिशत डिस्काउंट देने की सहमति दी है। इसके अलावा ‘‘फिजिक्स वाला’’ प्रतिष्ठित ऑनलाइन कोचिंग संस्थान ने कीर्ति कार्ड धारक परिवार की 30 बालिकाओं को निःशुल्क कोचिंग देने का निर्णय लिया है।
*हरदा के 23 स्कूल, 4 कॉलेज, 12 होटल्स, 7 नर्सिंग होम्स, 6 डिपार्टमेंटल स्टोर्स भी देंगे डिस्काउंट*
जिले के कुल 23 स्कूलों ने कीर्ति कार्ड धारक परिवार की बालिकाओं को अपनी फीस में 10 प्रतिशत डिस्काउंट, 4 प्रायवेट महाविद्यालयों ने फीस में 5 प्रतिशत छूट देने, जिले के 12 होटल्स ने भोजन बिलों में 10 प्रतिशत छूट देने, 6 डिपार्टमेंटल स्टोर्स ने 2 से 5 प्रतिशत डिस्काउंट देने, 7 प्रायवेट हॉस्पिटल्स ने 10 प्रतिशत डिस्काउंट, 5 प्रायवेट बस मालिकों ने 10 से 20 प्रतिशत तक छूट देने, 1 मसाला उद्योग उत्पादक ने 25 प्रतिशत छूट देने, 2 पेथोलॉजी लेब संचालकों ने 5 प्रतिशत डिस्काउंट, फोटोकॉपी एवं स्टेशनरी के 1 प्रतिष्ठान ने 10 प्रतिशत छूट देने के लिये जिला प्रशासन को अपनी सहमति दी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय त्रिपाठी ने इस अवसर पर बताया कि हरदा डॉटर्स क्लब में अभी तक कुल 1146 परिवारों का पंजीयन किया जा चुका है।
*डॉटर्स क्लब में नाम जुड़वाने के लिये फोन करें*
रेवा शक्ति अभियान के तहत गठित डॉटर्स क्लब में अपने नाम जुड़वाने के लिये जिले के सिर्फ एक या दो बेटियों वाले परिवारों के मुखिया मोबाइल फोन के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। नाम जुड़वाने के लिये हरदा जिला मुख्यालय पर गजेन्द्र बरकरे के मोबाइल नम्बर 9584222892, अनिल जोशी के 8103513133, मसनगांव, मगरधा क्षेत्र के परिवार चेतन राजपूत के  9977854109, हंडिया अबगांव कला क्षेत्र के परिवार मनीष सौदावत के 9131047653, खिरकिया क्षेत्र के परिवार रजत नायरे के 6262129518 तथा टिमरनी क्षेत्र के परिवार प्रदीप बंसल के 9316848567 पर फोन करके अपने नाम डॉटर्स क्लब के सदस्यों में शामिल करा सकते हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने डिस्काउंट देने वाले सभी संस्थानों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज में डिस्काउंट की सुविधा अगले शिक्षा सत्र से दिलाई जाएगी। उन्होने बताया कि कलेक्ट्रेट, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायतों, तहसील कार्यालय में ‘‘कीर्ति कार्नर’’ स्थापित किये जायेंगे।


Hriday Bhoomi 24

हमारी एंड्राइड न्यूज़ एप्प डाउनलोड करें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Verified by MonsterInsights