
इटारसी। हरदा जिले के बैरागढ़ में हुई महाविस्फोट की घटना बाद अब नर्मदापुरम जिला प्रशासन भी हरकत में आया है। इसके तहत क्षेत्र के एसडीएम ने इटारसी शहर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के फटाका व्यवसाईयों को चेतावनी दी कि वे रहवासी एवं व्यावसायिक एरिया में पटाखे का भंडार न करें और जहां लाइसेंस अनुसार फटाका रखा है, वहां अग्निशामक यंत्र एवं प्रशिक्षित मजदूर रहना चाहिए। आईएएस अधिकारी एसडीएम टी. प्रतीक राव एवं एसडीओ पुलिस महेंद्र चौहान, थाना प्रभारी गोरव बुंदेला ने नगर पालिका सभागार में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के फटाका व्यापारियों की एक आपातकालीन बैठक बुलाई। उन्होंने बारूद कारोबारियों को स्पष्ट रूप से समझा दिया कि रहवासी एवं व्यावसायिक क्षेत्र में पटाखा भंडारा नहीं होना चाहिए। लाइसेंस अनुसार जहां भंडारण है वहां अग्निशामक यंत्र एवं प्रशिक्षित मजबूत होना चाहिए। सभी व्यापारियों को एसडीएम ने चेतावनी दी है कि हम स्वयं जाकर निरीक्षण करेंगे लाइसेंस के विरुद्ध अथवा अवैध तरीके से रखे गए पटाखों को जप्त कर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक के बाद फटाका व्यापारियों में तेज हलचल मची गई है।