#पंचायत राज की अवहेलना : पिपल्या खूदिया में नहीं होती ग्रामसभा
उपसरपंच और पंच ने जनसुनवाई में की शिकायत

हृदयभूमि, हरदा।
जिले में एक ग्राम पंचायत ऐसी भी है जहां ग्राम स्वराज योजना अंतर्गत राष्ट्रीय पर्वों पर ग्राम सभा आयोजित नहीं की जाती। जबकि प्रदेश शासन के पंचायतराज के तहत ग्राम पंचायतों को अपने क्षेत्र में घरोंघर सूचना देकर ग्राम सभा का आयोजन करना अनिवार्य है।
जिला पंचायत के सभागार में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में सिराली तहसील की ग्राम पंचायत पिपल्या खूदिया के उपसरपंच मनोहरी लाल प्रजापति और पंच शिव प्रसाद, रामकृष्ण, मालती और सावित्री सहित अन्य पंचों ने इस आशय की एक शिकायत जिला प्रशासन को की है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत में लंबे समय से राष्ट्रीय पर्वों पर ग्रामसभा नहीं लेने की परिपाटी चली आ रही है। यहां इन पर्वों पर होने वाली ग्रामसभा की न तो कोई सूचना दी जाती है और न ही किसी भी प्रकार का एजेंडा भी घुमाया जाता है। यहां इस बारे में कोई मुनादी नहीं की जाती है। इसमें किसी नोडल अधिकारी के आने की भी कोई जानकारी नहीं है। यहां सभी काम मात्र कागजों में हो रहा है।
गौशाला में नहीं बना नलकूप-
उन्होंने शिकायत में बताया कि यहां पर विकास कार्य चौपट हैं। गांव की गौशाला में नलकूप नही बना जबकि उसकी राशी 38 लाख स्वीकृत है। और गांव में सुखराम के घर के पास छत चबूतरा नही बना। पंचायत की आय-व्यय का ब्यौरा भी सरपंच सचिव द्वारा नही दिया जाता है। साप्ताहिक हाट बाजार में नलकूप के पास विद्युत ट्रांसफारमर नहीं लगा, जबकि यहां 3 स्वीकृत हुए थे किन्तु 2 ही लगाये गये हैं।
