टिकिट अभी पक्की नहीं, मगर जंग छिड़ी आर-पार की
भाजपा और कांग्रेस के नेता टिकिट का ऐलान होने से पूर्व भिड़े
राजनीतिक समीक्षा –
विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अभी कांग्रेस से पहली सूची भी जारी नहीं हुई है, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने दो-दो सूची जारी कर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। मगर अब तक हरदा सीट पर इन दोनों दलों की ओर से किसी एक का भी नाम सामने नहीं आया है। शायद यही वजह है कि संभावित गंभीर दावेदारों ने अपनी टिकिट पक्की मानकर सोशल मीडिया और अन्य प्रचार तंत्रों पर सामने आकर चुनावी जंग शुरू कर दी है।

यूं तो राजनीतिक हल्के में माना जा रहा है कि हरदा विधानसभा सीट पर प्रदेश के कद्दावर नेता और कृषिमंत्री कमल पटेल को भाजपा से टिकट मिलना तय है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस में अभी दावेदारों की भरमार है। इन सब हालातों के बीच भाजपा के कमल पटेल के सामने कांग्रेस के दावेदार पूर्व विधायक डॉ. आरके दोगने अपनी टिकट पक्की मानकर सामने आ चुके हैं।
हाल ही में कमल पटेल के खिलाफ पोस्टर और सोशल मीडिया पर अपने एकाउंट से वायरल करने का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। इस मसले को लेकर दोनों ही दावेदारों की ओर से कुछ नेताओं के बयान और जंग सामने आई है। उससे लगता है कि शायद आने वाले विधानसभा चुनाव में इन्हीं दोनों लोकप्रिय नेताओं के बीच एक बार फिर कड़ी चुनावी जंग देखने को मिले।