हरदा विधानसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी कमल पटेल ने नागरिकों को नवरात्रि और दशहरे की बधाईयां दी। इस मौके पर उन्होंने आमजनता से कहा कि सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया बताने वाले दलों को सबक सिखाएं। यह सनातन हमेशा से था, है और आगे भी रहेगा। हम जियो और जीने दो के सिद्धांत वाले लोग हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी की सरकार ने सभी के हितों का ख्याल रखा है। हमने कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना चलाई और बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू कर उन्हें सक्षम बनाने की दिशा में कार्य किया है। विकास में आज मध्यप्रदेश और हरदा जिला नंबर वन है। आज यह जिला शत-प्रतिशत सिंचित जिला बन गया है। श्री पटेल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह झूठे नेताओं की पार्टी है। इन्होंने किसानों की कर्जामाफी का वादा पूरा नहीं किया। इनकी सरकार ने खिरकिया में कालेज नामंजूर किया था। यह हमने शुरू कराया। गंजाल-मोरन योजना योजना को गैर-तकनीकी बताकर खारिज किया था। इसे हमारी सरकार ने मंजूर किया। हमारे विपक्षी कहते हैं उनके समय में वे विपक्ष में थे। इसलिए काम नहीं कर पाए। मगर मैंने विपक्ष में रहकर हरदा जिला बनवाया तथा व्यावहारिक बताई गई माचक नहर को मंजूरी दिलाई। इसलिए झूठे वादे करने वाली पार्टी है।