
हरदा/ मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी हरदा वृत्त द्वारा 5 हजार रूपये से अधिक बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काटे जा रहे है। मगर ऐसे अनेक उपभोक्ताओं के कनेक्शन अवैध रूप से जुड़े पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की गई।
कम्पनी के महाप्रबन्धक अनूप सक्सेना ने बताया कि विद्युत कनेक्शन काटने के बाद उपभोक्ता फिर से न जोड़ लें इसकी जांच के लिये रात्रि में चेकिंग की जा रही है। यदि चेकिंग के दौरान उपभोक्ता द्वारा अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ना पाया जाता है, तो पहले उसे बकाया राशि जमा कर विद्युत का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। किन्तु यदि उपभोक्ता द्वारा समझाईश के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तथा कनेक्शन अवैध रूप से पुनः जोड़ लिया जाता है तो उसके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही करते हुए भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
विद्युत वितरण कम्पनी हरदा के महाप्रबन्धक अनूप सक्सेना ने बताया कि पिछले सप्ताह हरदा वितरण केन्द्र में बकाया राशि पर काटे गये कनेक्शनों की पुनः चेकिंग के दौरान उपभोक्ता ग्यारसराम नागराज शुक्ला कालोनी हरदा, शमीम अब्दुल अमीम मदीना कॉलोनी हरदा, सुरेशचन्द्र टांक अन्नापुरा हरदा के काटे गये विद्युत कनेक्शन अवैध रूप से फिर से जोड़ना पाया गया। इनके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही के लिये प्रकरण बनाये गये, जोकि सक्षम न्यायालय में पेश किये जायेंगे।
उन्होने जिले के विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने विद्युत बिलों की बकाया राशि का शीघ्रातिशीघ्र भुगतान कर कनेक्शन कटने एवं कानूनी कार्यवाही से होने वाली असुविधा से बचें तथा बेहतर विद्युत सेवा में कम्पनी को सहयोग प्रदान करें।