स्वतंत्रता दिवस समारोह की अभी से तैयारी शुरू करें सभी अधिकारी : कलेक्टर
जिलाधीश ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

हरदा। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां करें। यह निर्देश कलेक्टर ऋषि गर्ग ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी गौड़ा, एएसपी श्रीमती राजेश्वरी महोबिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल व बैठक व्यवस्था का दायित्व नगर पालिका को सौंपा। सीएमएचओ को स्थल पर एम्बूलेंस व्यवस्था के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गर्ग ने जिलास्तरीय कार्यक्रम में वर्षा ऋतु को ध्यान में रखकर वाटर प्रूफ टेंट की व्यवस्था का निर्देश दिया। श्रीमती महोबिया ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में होने वाली परेड की रिहर्सल प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे से तथा अपरान्ह 3 से 5 बजे तक मिडिल स्कूल ग्राउण्ड में होगी। इसमें जिला पुलिस बल, एसएएफ, एनसीसी, स्काउट गाइड व शौर्य दल की टुकड़ी शामिल होगी।