
हरदा। कलेक्टर आदित्य सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में पशुपालन एवं मछली पालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र मछुआरों और पशुपालकों के क्रेडिट कार्ड बनवाएं। उन्होंने डेयरी विभाग के अधिकारियों को जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में सांची मिल्क पार्लर प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उन्होंने हंडिया में कृषि उपज मंडी का संचालन शुरू करने के लिए भी मंडी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
कस्टम हायरिंग सिस्टम –
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सोयाबीन उपार्जन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि समर्थन मूल्य पर उपार्जन सुविधा का लाभ केवल किसानों को ही मिले, व्यापारियों के सोयाबीन का उपार्जन ना हो या सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कृषि अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को जिले में कस्टम हायरिंग सेंटर शुरू करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि कस्टम हायरिंग सेंटर शुरू करने के लिए इच्छुक किसानों को बैंक से ऋण दिलवाया जाए ताकि वे कस्टम हायरिंग सेंटर शुरू कर सकें।
नरवाई प्रबंधन के निर्देश –
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में नरवाई प्रबंधन के संबंध में भी कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि किसानों को खेतों में नरवाई ना जलाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ आदिवासी बहुल क्षेत्र के गरीब ग्रामीणों को मछली पालन, मुर्गी पालन एवं कृषि विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ दिलाएं।
अपात्रों को न मिले लाभ-
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ केवल जरूरतमंद पात्र ग्रामीणों को ही दिलाया जाए किसी भी अपात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ न मिले यह सुनिश्चित किया जाए।
