नगर प्रतिनिधि इटारसी।
नर्मदापुरम जिले के सबसे बड़े व्यापारिक जंक्शन एवं सबसे बड़ी नगर पालिका परिषद में शुमार इटारसी नगर पालिका की माली हालत जरा पतली है। यहां हालत इस कदर बिगड़ चुके हैं कि यह अपने दैनिक वेतनभोगी एवं स्थाई कर्मचारियों का वेतन भी नहीं दे पा रही है।
बताया तो यह भी जा रहा है कि इसे लगभग 2.75 करोड़ रूपया मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का देना बकाया है। यदि समय पर इसका भुगतान नहीं हुआ तो शहर की बत्ती गुल हो जाएगी।
इस तरह स्थानीय नगर परिषद का लगातार कर्ज में डूबना नागरिकों की चिंता का विषय है। क्योंकि हर हाल में इसे चुकाना शहरी नागरिकों का जिम्मा है।
बताया जा रहा है कि अपने जरूरी खर्च चलाने के लिए यह संचित निधि से भी राशि निकाल चुकी है। इसका पोर्टल भी बंद पड़ा है। विकास कार्य करने वाले तमाम ठेकेदार बुरी तरह परेशान हैं। उनको समय पर भुगतान नहीं मिल रहा। इधर नगर पालिका कर्मचारी भी वेतन के लिए परेशान दिखते हैं।
इस सबके बावजूद फिजूलखर्ची में डीजल के खर्चे पर कोई रोक नहीं है। इस पर बेरोक-टोक खर्च की चर्चा आम है। बताया तो यह भी जा रहा है कि समाचार पत्रों के विज्ञापन का भी नगर परिषद पर लाखों बकाया है। आगे क्या होगा यह राम ही जाने, देखते रहें।