April 21, 2026 |

मगरधा के अनुभूति कैंप में खिल उठे स्कूली बच्चे

वन अमले ने कराया प्रकृति से रूबरू, दी वन्य जीवन की जानकारी

Hriday Bhoomi 24

हरदा। वन परिक्षेत्र मगरधा के वनग्राम बड़झिरी में मध्यप्रदेश इको पर्यटन विकास बोर्ड के सौजन्य से वन विभाग द्वारा लगाए गए ‘ईको अनुभूति कैंप’ में प्रकृति से रूबरू होकर स्कूली बच्चे खिल उठे। इस शिविर में वन अमले ने बच्चों को वन्यजीवन की सूक्ष्म जानकारी देकर उनका ज्ञानवर्द्धन किया। शिविर में बच्चों की देखभाल और सुरक्षा इंतजाम के साथ उनका उत्साहवर्द्धन किया गया।

वन्यजीवन की जानकारी दी 

ज्ञात रहे मंगलवार को लगे इस अनुभूति शिविर में शासकीय हाईस्कूल मगरधा के 60, शासकीय माध्यमिक शाला झाड़पा के 30 एवं शासकीय माध्यमिक शाला बड़झिरी के 30 विद्यार्थीयों सहित संबंधित स्कूलों से 15 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कैंप में विद्यार्थियों को पक्षी दर्शन, नेचर ट्रेल पर प्रकृति व्याख्या, वन्यजीवों एवं पेड़ पौधों आदि की जानकारी प्रदान की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में बड़झिरी ग्रामपंचायत के सरपंच रामविलास कास्डे एवं उप वन मंडल अधिकारी दक्षिण हरदा ओमप्रकाश बिडारे उपस्थित थे।

निबंध-चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित 

कार्यक्रम में पर्यावरण, वन्य जीव एवं वन संरक्षण विषय पर चित्रकारी व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन मगरधा वन परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश रघुवंशी ने किया। वहीं विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों की जानकारी परिक्षेत्र सहायक जोहन सिंह परते ने दी।

वन्य प्राणी संरक्षण की शपथ दिलाई 

अंत में शिविर में सम्मिलित समस्त छात्रों से फीडबैक फॉर्म भरवाये गए एवं सभी को वनों एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक “मैं भी बाघ” गीत गाया। कार्यक्रम में परिक्षेत्र सहायक मगरधा लक्ष्मीनारायण गोंड, परिक्षेत्र सहायक रातामाटी पुरषोत्तम पट्टा, परिक्षेत्र सहायक बापचा तालिब मेमन एवं समस्त वन स्टाफ वन परिक्षेत्र मगरधा उपस्थित रहा।


Hriday Bhoomi 24

हमारी एंड्राइड न्यूज़ एप्प डाउनलोड करें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Verified by MonsterInsights