
हृदयभूमि, भोपाल।
मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी कैलाश मकवाना को प्रदेश का नया डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) नियुक्त किया गया है। श्री मकवाना आगामी आगामी 1 दिसंबर 2024 को अपना पदभार ग्रहण कर 32वें डीजीपी के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

सीएम ने दी मंजूरी –
ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने विदेश यात्रा पर रवाना होने से पहले उनके नाम को मंजूरी प्रदान कर दी है। श्री मकवाना अपने तेजतर्रार और बेदाग छवि के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं। वह भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए भी जाने जाते हैं।
उज्जैन के निवासी हैं मकवाना-
जानकारी के अनुसार कैलाश मकवाना प्रदेश में उज्जैन जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने भोपाल स्थित मैनिट (राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) से पढ़ाई की है। वे पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के चेयरमैन के साथ लोकायुक्त में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।
लोकायुक्त में डीजी-
शिवराज सिंह चौहान सरकार के कार्यकाल में मकवाना को लोकायुक्त संगठन में पुलिस महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार विरोधी अभियानों को तेज किया और कई लंबित मामलों की जांच फिर से शुरु की। हालांकि, वे इस पद पर केवल छह महीने तक रहे। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रवैए के चलते लोकायुक्त में डीजी रहते कई लंबित जांच फाइलों को फिर से खोला और उन पर तेजी से कार्रवाई की।