#दुर्घटना : डंपर में घुसी ट्रेक्टर ट्राली, एक किमी घिसटती गई
देदली नदी तक घिसटते पहुंचा ट्रेक्टर, दैवयोग से बड़ा हादसा टला

हृदयभूमि प्रतिनिधि, मसनगांव।
खंडवा स्टेट हाईवे पर आज दैवयोग से एक भयावह हादसा होते-होते टला। यहां मैनरोड पर मुंदी से डस्ट लेकर हरदा की ओर जा रहे डंपर मे खिरकिया तरफ से आ रही ट्रैक्टर ट्राली पीछे से भरा गई। डंपर में पीछे से ट्रैक्टर भराने के बाद भी चालक नहीं रुका और ट्रैक्टर को घसीटते हुए स्थानीय मुक्ति धाम तक ले गया। यहां देदली नदी के ऊपर जब ट्रैक्टर का अगला टायर फूटने की आवाज आई तब जाकर चालक ने डंपर खड़ा कर देखा तो पता चला कि पीछे से ट्रैक्टर-ट्राली डंपर में फंसी हुई थी।
जबर्जस्त थी भिड़ंत –
यह भिड़ंत इतनी जबरजस्त थी कि ट्रैक्टर को निकालने में दो ट्रैक्टर लगाने पड़े। इसके बाद बमुश्किल ट्रैक्टर को बाहर निकल पाया। वहीं ट्रैक्टर चालक द्वारा ट्राली को निकालकर पहले ही निकाल लिया गया था। गनीमत रही की इतनी बड़ी दुर्घटना होने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। यह घटना तड़के 5 बजे की बताई जा रही है।
रात्रि में निकलते हैं खनिज से भरे वाहन-
जहां हाईवे का निर्माण करने वाली कंपनी के डंपर डस्ट लेकर हरदा की ओर आते हैं। रात्रि में डंपर चालकों द्वारा ठंड का मौसम होने से कांच और दरवाजे बंद रखकर वाहन चलाते हैं। इससे आसपास होने वाली घटनाओं की आवाज भी उन्हें नहीं आती। डंपर में ट्रैक्टर भराने के बाद भी डंपर चालक को दुर्घटना की जानकारी नहीं लगी। इस कारण ट्रैक्टर का आगे का पूरा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं टायर भी फूट गए, जिससे ट्रैक्टर मलिक को काफी नुकसान हुआ।
बड़ा हादसा टला-
ट्रैक्टर चालक ने बताया कि सिराली मार्ग तिराहे पर बने हुए स्पीड ब्रेकर के पास डंपर उछलने से ट्रैक्टर सीधा डंपर के अंदर भर गया। लेकिन वह इतनी जबरदस्त तरीके से फंसा कि बाहर नहीं निकल सका। किसी तरह ट्रैक्टर चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद मुक्तिधाम के पास डंपर चालक ने रोककर देखा तब उसे दुर्घटना की जानकारी मिली। तब किसी तरह ट्रैक्टर मालिक द्वारा डंपर से ट्रैक्टर को बाहर निकलवाया गया।
