छीपानेर में राम-लखन सेतु का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी करोड़ों के विकास की सौगात

हरदा। शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा नदी पर छोटी छीपानेर से बड़ी छीपानेर को जोड़ने वाले पुल रामलखन सेतु का लोकार्पण किया। यह पुल 38 करोड़ 66 लाख 92 हजार रूपए की लागत से बना है। इसके लोकार्पण के साथ 63 करोड़ 49 लाख रूपये के कार्यों का भूमि-पूजन और 67 करोड़ 63 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर श्री चौहान ने कहा कि छीपानेर सहित आसपास के गाँव में सिंचाई के लिए प्रेशर पाइप डालने के लिए अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएग। उन्होंने कहा कि सिंचाई और पेयजल हेतु नर्मदा मैया का पानी हर घर और खेतों तक पहुँचाया जाएगा। इससे पहले कृषिमंत्री कमल पटेल ने राम-लक्ष्मण सेतु लोकार्पण पर मुख्यमंत्री का आभार माना। उन्होंने कहा कि इससे विकास के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने राज्य सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख कर मुख्यमंत्री को “जन नायक” बताया।