घटना पीड़ित घायलों के डिस्चार्ज बाद भी फालोअप करें : कलेक्टर
इलाज दौरान मनोचिकित्सकों की भी सेवा ली जाए

हरदा/ नवागत कलेक्टर आदित्य सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचपी सिंह, सिविल सर्जन डॉ. मनीष शर्मा को निर्देश दिए कि दुर्घटना के घायल सभी मरीजों का निःशुल्क और बेहतर उपचार किया जाए। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिंह को निर्देश दिये कि प्रत्येक मरीज की उपचार व्यवस्था का नियमित फालो अप वे स्वयं करें। उन्होने सिविल सर्जन को निर्देश दिये कि सभी वार्डों में भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिये अस्पताल के डॉक्टर नियमित राउण्ड लें और सुनिश्चित करें कि मरीजों को कोई परेशानी न हो। साथ ही जिनको अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है, उनके स्वास्थ्य की स्थिति की भी मॉनिटरिंग लगातार की जाए।
अस्पताल में भर्ती श्रीमती प्रेमबाई ने कलेक्टर श्री सिंह को बताया कि इस दुर्घटना में उसका घर नष्ट हो गया तथा घर का पूरा सामान जल गया है, जिस पर उन्होने प्रेमबाई को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिये आश्वस्त किया। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये कि इस दुर्घटना के बाद जो मरीज मानसिक रूप से परेशान होने के कारण भर्ती है, उनके लिये मनोचिकित्सक व काउंसलर की व्यवस्था की जाए।