#वन एवं वन्यप्राणी सुरक्षा : बोरी में आयोजित किया अनुभूति कार्यक्रम
स्कूली बच्चों को वन सुरक्षा एवं वन्यप्राणी सुरक्षा की जानकारी दी

हृदयभूमि, हरदा।
मुख्य वनसंरक्षक वनवृत्त नर्मदापुरम अशोक कुमार के निर्देशन व हरदा वनमंडलाधिकारी सामान्य अनिल चौपड़ा के मार्गदर्शन में उपवनमंडल अधिकारी उत्तर हरदा सामान्य संजय कुमार जैन द्वारा वन परिक्षेत्र टेमागांव के ग्राम बोरी में वन एवं वन्यप्राणी सुरक्षा जागरूकता अभियान अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिच्छापुर के स्कूली छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को वन्यप्राणियों से बचाव और वनों की रक्षा करने की जानकारी दी।

वन परिक्षेत्र अधिकारी टेमागांव सामान्य डीपी गोस्वामी ने बाघ, तेन्दूआ, हाथी, जंगली सुअर आदि वन्यप्राणियों की प्रवृत्ति एवं बचाव के संबंध में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने रात में अकारण जंगल में न जाने, वन अपराध रोकथाम में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने अपने आसपास के क्षेत्र में वन्यप्राणी दिखने पर सूचना तत्काल वनविभाग को देने का भी आग्रह किया।

अनुभूति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उमेश मुकाती, टिमरनी जनपद सदस्य वन समिति अध्यक्ष दुर्गाबाई दोगने तथा जनपद सदस्य सुन्दरलाल मवासे ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने और वनों की सुरक्षा करने का आग्रह किया।
विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुति –
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिच्छापुर के 120 छात्र-छात्राओं ने भी वनों की अहमियत पर मनमोहक प्रस्तुतियों दी। इस कार्यक्रम दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को पारितोषिक एवं प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, अध्यक्ष वन सुरक्षा समिति बोरी एवं जिनवानी, तथा परिक्षेत्र के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
