
हरदा/ हरदा के ग्राम बैरागढ़ में मगरधा रोड पर स्थित फटाखा फैक्ट्री में गत दिनों हुए विस्फोट के मामले में रविवार को छठवें आरोपी अभिषेक अग्रवाल निवासी खातेगांव जिला देवास की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव चौकसे ने बताया कि 4 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुके थे, 5वां आरोपी अमन तमखाने को शनिवार को और छटवा आरोपी रविवार को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री चौकसे ने बताया कि राजेश फायर बर्क्स जो कि पुरानी सब्जी मण्डी हरदा निवासी राजू उर्फ राजेश अग्रवाल एवं सोमेश अग्रवाल व्दारा संचालित थी। मंगलवार को राजेश फायर बर्क्स फैक्ट्री मे विस्फोट हो गया था, यह सूचना प्राप्त होने पर तत्काल उपलब्ध पुलिस बल के जरिये दूरभाष से कंट्रोल रूम हरदा को सूचना दी गई। जिस पर से थाना सिविल लाईन हरदा में अपराध क्रमांक 42/2रा-304,308,34 भादवि व धारा 3 विस्फोटक अधिनियम का प्रकरण का कायम कर विवेचना में लिया गया। उन्होने बताया कि विवेचना के दौरान अभी तक गिरफ्तार आरोपियों में राजू उर्फ राजेश अग्रवाल पिता नंदलाल अग्रवाल उम्र 55 साल नि. वार्ड क्र 02 पुरानी सब्जी मंडी मानपुरा हरदा, सोमेश अग्रवाल पिता नंदलाल अग्रवाल उम्र 42 साल नि. वार्ड क्र 02 पुरानी सब्जी मंडी मानपुरा हरदा, मन्नी उर्फ रफीक खान उम्र 54 साल नि. मानपुरा हरदा, आशीष पिता राधाकिशन तमखाने जाति कहार उम्र 35 साल नि. खेडीपुरा हरदा की गिरफ्तारी पूर्व में की जा चुकी थी।
पुलिस अधीक्षक श्री चौकसे ने बताया कि शनिवार को अमन पिता राधाकिशन तमखाने उम्र 31 साल नि. खेडीपुरा हरदा की गिरफ्तारी की गई जबकि रविवार को 1 अन्य आरोपी अभिषेक अग्रवाल पिता अशोक अग्रवाल उम्र 34 साल निवासी नर्मदा कालोनी वार्ड क्र. 1 खातेगांव जिला देवास की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने बताया कि इस तरह अभी तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। जिनसे प्रकरण के संबंध मे बारीकी से पूछताछ की जाकर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। शेष आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे है।
गर्भवती महिलाओं व बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण
हरदा/ जिला अस्पताल में भर्ती बैरागढ़ दुर्घटना के घायल मरीजों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि सभी घायलों के स्वास्थ्य पर सतत नजर रखी जा रही है। इसके अलावा रविवार को स्वास्थ्य विभाग के 4 दलो द्वारा विस्फोट की दुर्घटना प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कार्य कराया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाँ एच पी सिंह ने बताया कि कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर सर्वे दल में शहरी क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकर्ता ,महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं आंगनवाडी कार्यकर्ता द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण कर 183 घरो का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान 15 गर्मवती महिलाएं चिन्हित कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा क्षेत्र के 113 बच्चो को विटामिन ए की दवा पिलाई गई साथ ही आसपास के क्षेत्र के 183 घरों में ओआरएस पेकेट का वितरण किया गया।
विस्फोट दुर्घटना में घायल पशुओं का इलाज
हरदा/ उपसंचालक पशु चिकित्सा ने बताया कि कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश पर विस्फोट की दुर्घटना से प्रभावित पशुओं के उपचार की व्यवस्था की जा रही है। रविवार को पशु चिकित्सा विभाग के दल द्वारा दुर्घटना में घायल गाय, भैंस व बकरी का उपचार किया गया। उप संचालक पशु चिकित्सा एसके त्रिपाठी ने बताया कि विभाग की एम्बूलेंस को भी पशुओं के उपचार के लिये चिकित्सा दल के साथ भेजा गया तथा जले हुए पशुओं का उपचार किया गया। उन्होने बताया कि प्रतिदिन सुबह व शाम दो बार पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।
राहत शिविर में निवासरत बच्चों की पढ़ाई शुरू
हरदा/ कलेक्टर आदित्य सिंह ने बैरागढ़ दुर्घटना के पीड़ित परिवारों के बच्चों को आईटीआई कॉलेज में बनाये गये राहत शिविर में ही पढ़ाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी व डीपीसी को दिये है, जिस पर रविवार से ही शासकीय शिक्षकों एवं जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं ने वहां के बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया है। जिला परियोजना समन्वयक श्री एस.पी.एस. जाटव ने बताया कि छोटी कक्षाओं के बच्चों को तो राहत शिविर में ही पढ़ाया जा रहा है तथा मिडिल स्कूल व बड़ी कक्षाओं के बच्चों को पढ़ाने के लिये महर्षि कान्वेन्ट स्कूल ने सहमति दी है। सोमवार से उनके स्कूल का वाहन बच्चों को शिविर से ले जाएगा तथा पढ़ाने के बाद वापस शिविर में छोड़ देगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने राहत शिविर का निरीक्षण किया
हरदा/ कलेक्टर आदित्य सिंह ने पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे के साथ शनिवार को ग्राम बैरागढ़ का दौरा कर वहां की जा रही कार्यवाही का जायजा लिया। उन्होने आईटीआई में बनाये गये आश्रय स्थल पहुँच कर वहां दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के लिये की गई व्यवस्थाओं को देखा। कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश पाटीदार को निर्देश दिये कि दुर्घटना के प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद की जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने आईटीआई के आश्रय स्थल में निवासरत परिवारों की समस्याएं भी सुनी, और उनके निराकरण के निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। उन्होने पीड़ित परिवारों के भोजन, कपड़े, स्वास्थ्य परीक्षण व टीकाकरण के लिए अधिकारियों से कहा।
दुर्घटना प्रभावित बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ा, मिलेगी आर्थिक मदद
हरदा/ बाल कल्याण समिति हरदा द्वारा फटाका फेक्ट्री बैरागढ़ (हरदा) में अपने माता-पिता को खोने वाले एक परिवार को 3 तथा पिता को खोने वाले के 3 सहित कुल 6 बच्चों के पालन पोषण के लिये बाल कल्याण समिति हरदा द्वारा संरक्षक घोषित कराकर स्पॉन्सरशिप योजना से जोडा गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी ने बताया कि मिशन वात्सल्य स्पॉन्सरशिप के दिशा निर्देश अनुसार कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा प्रकरणो पर अनुमोदन दिया गया है। एक परिवार में अधिकतम 2 बच्चों को इस योजना के तहत जोडा जा सकता है। बच्चों के पालन पोषण के लिये प्रति बच्चा 4000 रूपये की राशि उनके परिवार को प्रतिमाह मिलेगी। इस तरह एक परिवार में कुल 8000 रूपये की राशि भरण पोषण एवं शिक्षा एवं चिकित्सा हेतु प्राप्त होगी। उन्होने बताया कि पीड़ित बच्चों को भारत विकास परिषद द्वारा कपडे प्रदाय किए गए है। रविवार को महिला बाल विकास विभाग के दल ने इन बच्चों के घर जाकर योजना के लिये आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किये गये।
कलेक्ट्रेट स्थित हेल्प डेस्क से पीड़ितों को मिल रही है सहायता

हरदा/ कलेक्टर आदित्य सिंह के निर्देश पर बैरागढ़ दुर्घटना के पीड़ित परिवारों की मदद के लिये कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। प्रतिदिन इस सहायता केन्द्र पर दुर्घटना के प्रभावित परिवारों के सदस्य अपनी समस्या बता रहे है। हेल्प डेस्क में पीड़ित परिवारों से प्राप्त आवेदनों का पंजीयन कर उनके निराकरण की कार्यवाही लगातार जारी है।