एक्शन में बिजली कंपनी : सांझ ढले, इटारसी की स्ट्रीट लाइट गुल
बड़ी बकाया राशि जमा न होने से काटा कनेक्शन

इटारसी। जैसी कि नगर में आशंका जताई जा रही थी, उसके अनुरूप वही हुआ। जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद पर लंबे समय से बकाया बिजली बिल जमा न होने का असर देखने को मिल गया।
सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगातार तगादे लगाने के बावजूद स्थानीय नगर पालिका परिषद 2 करोड़ 75 लाख ₹ का बकाया विद्युत बिल जमा नहीं कर पाई। फिर वही हुआ जो बिजली कंपनी के अधिकारों में था। सो शुक्रवार को शाम ढलते ही कंपनी के अमले ने शहर की स्ट्रीट लाइट का कनेक्शन काट दिया। इस कारण नर्मदापुरम जिले के सबसे बड़े व्यावसायिक नगर की सड़कें अंधेरे की गिरफ्त में आ गई। इस दौरान शहरवासियों को वाहनों की झिलमिलाती लाईट में आने-जाने को मजबूर होना पड़ा।
ज्ञात हो कि बिजली कंपनी का करोड़ों रुपए उपभोक्ताओं पर बाकी होने के कारण कंपनी द्वारा वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इसमें 5-10 हजार रुपए से अधिक के बकायेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। मगर इससे बेफिक्र नगर पालिका के अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली। जिसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ेगा।