
हरदा 10 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में खेल विभाग की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में उन्होने कहा कि हरदा जिले में खेल गतिविधियों के लिये जिला प्रशासन हर स्तर पर हर संभव मदद उपलब्ध कराएगा। उन्होने कहा कि हरदा के यूनियन क्लब में विद्यार्थियों के लिये बेडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस जैसे खेलों के लिये अपरान्ह 4 से 6 बजे का समय आरक्षित रखा जाएगा और इस समयावधि में केवल विद्यार्थी ही यूनियन क्लब में खेल सकेंगे। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी और जिला खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल सहित अन्य अधिकारी व खेल संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में कहा कि हरदा जिले के प्रभारी मंत्री श्री विश्वास सारंग खेल विभाग के मंत्री भी है इसलिये प्रभारी मंत्री जी के माध्यम से जिले में खेल गतिविधियों के प्रोत्साहन में काफी मदद मिलेगी। उन्होने कहा कि शीघ्र ही खेल संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन एक विस्तृत बैठक आयोजित कर हरदा, खिरकिया और टिमरनी में खेल गतिविधियों के विकास के लिये कार्य योजना तैयार करेगा। उन्होने कहा कि निकट भविष्य में हरदा, खिरकिया और टिमरनी में खेल मैदानों के लिये भूमि आवंटित कर खिलाड़ियों की समस्या को दूर किया जाएगा।
*नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया कलेक्टर श्री सिंह ने*
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने गुरूवार को सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होने इस इंडोर स्टेडियम में शेष रहे कार्यों को अगले एक-दो सप्ताह में पूर्ण कराने तथा खेल उपकरणों तथा अन्य सामग्री की व्यवस्था के संबंध में जिला खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल को निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान एसडीएम हरदा श्री कुमार शानु देवड़िया भी मौजूद थे।
*खो-खो व हेण्डबॉल की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 8 से 12 नवम्बर तक हरदा में*
हरदा 10 अक्टूबर 2024/ आगामी 8 से 12 नवम्बर तक हरदा में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक बालिकाओं की राज्य स्तरीय हेण्डबॉल प्रतियोगिता तथा 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक बालिकाओं की राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 10 संभागों के विद्यार्थियों की टीमें शामिल होंगी। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री डी.एस. रघुवंशी, जिला खेल अधिकारी सुश्री उमा पटेल सहित खेल विभाग के अन्य अधिकारी तथा खेल संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री रघुवंशी ने बैठक में बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग और खेल विभाग के सहयोग से इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिये आवास समिति, चिकित्सा समिति, भोजन व्यवस्था समिति, पेयजल व विद्युत समिति, पुरस्कार समिति सहित कुल 15 समितियां गठित की जा रही है। इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ एवं समापन कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम हरदा में आयोजित होगा। उन्होने बताया कि स्टेडियम के आसपास के 15 स्कूलों में बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के रूकने की व्यवस्था की जाएगी। अन्य जिलों से आने वाले खिलाड़ियों के परिवहन के लिये स्कूल बसों की व्यवस्था भी की गई है जो उन्हें रेल्वे स्टेशन और स्टेडियम से उनके आवास स्थल तक लाने ले जाने का कार्य करेगी। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लगभग 560 खिलाड़ी शामिल होंगे।
*(फोटो संलग्न)*
*समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम 28 अक्टूबर को*
हरदा 10 अक्टूबर 2024/ समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम 28 अक्टूबर को आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 28 अक्टूबर को समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों में से आवेदकों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत दी जा रही सेवाओं एवं समाधान एक दिवस जैसे विषयों की समीक्षा भी करेंगे। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बताया कि समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में इस बार मुख्यमंत्री डॉ. यादव महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना के तहत पात्रता अनुसार राशि प्राप्त न होने जैसे प्रकरणों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रधानमंत्री आवास योजना व गृह विभाग के विवेचना में लापरवाही, समय से प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत नहीं करने तथा किसी पक्ष से मिलकर दबाव में सही कार्यवाही न करने संबंधी प्रकरणों की समीक्षा भी की जावेगी।
*इन विषयों पर केन्द्रित समस्याओं के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे समीक्षा*
समाधान ऑनलाइन में श्रम विभाग की मध्यप्रदेश असंगठित शहरी ग्रामीण कर्मकार कल्याण मण्डल संबल योजना, राजस्व विभाग के नामातंरण एवं बंटवारे संबंधी मामले, ऊर्जा विभाग के बिजली न आने व वोल्टेज से संबंधित मामले तथा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के शिष्यवृत्ति, छात्रवृत्ति प्राप्त न होने, विलम्ब से प्राप्त होने तथा निर्धारित दर से प्राप्त न होने संबंधी मामलों की समीक्षा की जाएगी। इसी प्रकार खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के नवीन राशन कार्ड जारी करने, स्कूल शिक्षा विभाग की समेकित छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति न मिलने संबंधी मामले, जनजातीय कार्य विभाग की आवास योजना की राशि प्राप्त न होने संबंधी मामलों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति कल्याण विभाग केे छात्रावासों में आवास, भोजन, साफ सफाई की सुविधा न होने, प्रवेश न मिलने, अतिक्रमण तथा छात्रावास के अधीक्षक व कर्मचारियों से सबंधी मामलों व 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की समीक्षा की जाएगी।
*जिले में 11 अक्टूबर को रहेगा स्थानीय अवकाश*
हरदा 10 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने हरदा जिले में वर्ष 2024 के लिये तीन स्थानीय अवकाश घोषित किये है। जारी अधिसूचना 11 अक्टूबर शुक्रवार को दुर्गा अष्टमी/महानवमी का स्थानीय अवकाश सम्पूर्ण हरदा जिले के लिये घोषित किया गया है। ये अवकाश बैंक एवं कोषालय पर लागू नहीं होंगे।
*मदिरा के अवैध विक्रय व संग्रहण के 7 प्रकरण दर्ज*
हरदा 10 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देश पर आबकारी विभाग के दल ने बुधवार को मदिरा के अवैध निर्माण, संग्रहण व विक्रय के विरूद्ध कार्यवाही की। जिला आबकारी अधिकारी श्री रीतेश कुमार लाल ने बताया कि आबकारी विभाग के दल ने वृत हरदा व टिमरनी के खेड़ीपुरा मोहल्ला, सरदार मोहल्ला, अतरसमा, देवतलाब, हंडिया, उंढाल व कोलीपुरा में दबीश दी। दबिश के दौरान कुल 41 पाव देशी शराब, 19 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब एवं 470 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया। कार्यवाही के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 7 प्रकरण दर्ज किये। जप्त मुद्देमाल का अनुमानित बाजार मूल्य 53670 रूपये है।