वन विभाग ने बोथी में मनाया अनुभूति कार्यक्रम
फुलड़ी और झाडबीड़ा के स्कूल में वन और वन्यप्राणी सुरक्षा पर हुआ संवाद

हृदयभूमि, हरदा।
मुख्य वनसंरक्षक वनवृत्त नर्मदापुरम् अशोक कुमार के निर्देशन, वनमंडलाधिकारी हरदा सामान्य अनिल चौपड़ा, उपवनमंडलाधिकारी उत्तर हरदा संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र टेमागॉव के ग्राम बोथी में अनुभूति कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसमें वन एवं वन्यप्राणी सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत शासकीय हाईस्कूल फुलड़ी एवं एकीकृत हाईस्कूल झाड़बीड़ा के छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। इस दौरान उन्हें वन्यप्राणियों से बचाव और वनों की रक्षा करने की जानकारी दी गई।

वनपरिक्षेत्र अधिकारी टेमागांव डीपी गोस्वामी ने बाघ, तेन्दुआ, हाथी, जंगली सुअर आदि वन्य प्राणियों की प्रवृत्ति एवं बचाव संबंधी जानकारी दी। वहीं रात में अकारण जंगल न जाने, वन अपराध रोकथाम में सहयोग करने की अपील की। तथा वन्यप्राणी दिखने पर सूचना तत्काल वनविभाग को देने का आग्रह किया।

अनुभूति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनिल वर्मा जनपद उपाध्यक्ष टिमरनी, श्रीमती दुर्गाबाई दोगने जनपद पंचायत सदस्य एवं वन समिति अध्यक्ष जनपद पंचायत टिमरनी, सुन्दरलाल मवासे जनपद पंचायत सदस्य टिमरनी, श्रीमती कमलाबाई देवडा सरपंच ग्राम पंचायत बोथी ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने, वनों की सुरक्षा करने का आग्रह किया।
शासकीय हाई स्कूल फुलड़ी एवं एकीकृत हाई स्कूल झाडबीड़ा के 121 छात्र-छात्राओं ने वनों की अहमियत पर मनमोहक प्रस्तुति एवं अनुभूति “थीम सॉग” का गायन किया गया। कार्यक्रम दौरान वन्यप्राणी पहचान प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता कर छात्र-छात्राओं को पारितोषक एवं प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में शपथ ग्रहण करने के दौरान पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, अध्यक्ष वन सुरक्षा समिति बोथी, अनुभूति मास्टर ट्रेनर, प्रेरक तथा परिक्षेत्र के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
