May 27, 2026 |

साक्षात्कार : सड़क और नाली बनाना कोई विकास नहीं : अमर रोचलानी

हरदा नपा नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शहर की जरूरतों पर निकाय ने प्लान नहीं बनाए

Hriday Bhoomi 24

दिवाली पर्व के उपलक्ष्य में हरदा नगर पालिका के कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी से भेंट दौरान संक्षिप्त साक्षात्कार में उन्होंने हृदयभूमि के साथ नगर के विकास पर अपनी चिंता शेयर कर,बड़ी योजनाएं बनाने की सलाह दी।

प्रदीप शर्मा, हरदा।

हरदा नगरपालिका के विकास कार्यों को आप किस नजरिए से देखते हैं ?

स्थानीय नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचलानी ने कहा कि शहर में केवल सड़क और नालियां बनवाना कोई विकास नहीं है। बल्कि पानी, सड़क और स्वच्छता के काम करना हर नगर निकाय के मूल दायित्व हैं। जो मध्यप्रदेश की प्रत्येक नगर पालिका को सामान्य तौर पर करना ही है।

श्री रोचलानी ने कहा कि नगर निकाय को अपने शहर की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाना चाहिए। ताकि लोगों रोजगार देने के साथ-साथ यहां की अन्य जरूरतों को भी पूरा किया जा सके।

-इसमें निकाय के पास बड़ा फंड कहां से आएगा ?

उन्होंने कहा कि बड़ी योजनाओं के लिए फंड की कमी का रोना नहीं रोया जा सकता। यदि नगर पालिका चाहे तो सरकार की अमृत : 2 योजना अंतर्गत शासन से कभी भी करोड़ों रुपए का बजट आवंटन मांग सकती है। इसमें कहीं कोई समस्या नहीं है।

 -तो नगर विकास के लिए एक जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष के रूप में आपके क्या सुझाव हैं ?

नेता प्रतिपक्ष श्री रोचलानी ने कहा कि यदि हरदा नगर पालिका केवल अजनाल नदी की सफाई और गहरीकरण का ही काम हाथ में ले ले, तो बिना कोई बड़ी राशि खर्च किए शहर का भला किया जा सकता है। आज हमें सबसे पहले शहर की जीवनरेखा अजनाल में मिलने वाले छह नालों का पानी एक पाइपलाइन डालकर स्टापडैम ‘ठोकर’ के पार पहुंचाना है। ताकि अजनाल का पानी शुद्ध और साफ हो तथा हम नगरवासियों को स्वच्छ जल की आपूर्ति कर सकें।

 -क्या नालों का गंदा पानी आगे समस्या नहीं बनेगा ?

श्री रोचलानी ने कहा कि सिर्फ इतना करने भर से निकाय की ड्यूटी पूरी नहीं होगी। बल्कि ठोकर के उस पार एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगवाकर नालों के गंदे पानी को छुड़वाना होगा ताकि वह आगे की आबादी और खेती के काम आ सके।

-नदी गहरीकरण से क्या होंगे फायदे ?

साक्षात्कार में उन्होंने योजना को विस्तार देते हुए कहा कि हमें अजनाल के गहरीकरण पर विशेष काम करना होगा। इसके लिए फाईल वार्ड के उस पार नदी का पानी रुकवाकर यहां बचा पानी खाली कराकर गहरीकरण पर काम करना चाहिए। इसके लिए हम टेंडर देकर किसी भी पार्टी को यहां की कीमती उपजाऊ मिट्टी खनन का ठेका दे सकते हैं। इसमें ठेकेदार कंपनी की लेबर, ट्रांसपोर्टिंग लगेगी। साथ में निकाय को आय भी होगी। वहीं गरीब मजदूरों को काम मिलेगा।

-और क्या लाभ होंगे विस्तार से बताएं?

नदी में चार-पांच फीट गहरीकरण कराने से यहां बारिश दौरान निचली बस्तियों में बाढ़ का संकट नहीं आएगा। और हर साल बाढ़ के विस्थापितों पर होने वाला खर्च भी बचेगा। इस गहरीकरण से अजनाल में अधिक पानी संचय होगा और आसपास के जलस्रोत स्वयं रिचार्ज हो जाएंगे। इससे गर्मी के मौसम में नगर के वार्डों में जल-संकट की स्थिति नहीं बनेगी। यहां पानी का लेवल अधिक होगा तो हम बोटिंग का काम भी कर सकेंगे। पेड़ीघाट रमणीय स्थल बन जाएगा। गुप्तेश्वर का मेला सजेगा और निकाय की आय बढ़ेगी।

-यातायात में सुधार करने के लिए क्या करे हरदा नगर पालिका ? 

श्री रोचलानी ने कहा कि नगर निकाय चाहे तो डबल फाटक से मगरधा रोड तक नए बायपास की योजना पर भी काम किया जा सकता है। इससे शहर के मुख्य मार्ग पर बाहर से आने वाले अनावश्यक वाहनों का दबाव कम होगा। वहीं बायपास के दूसरी ओर शहर का विकास भी बढ़ाया जा सकेगा। मगर यह सब करने के लिए नगर निकाय को दृढ़संकल्प लेकर काम करने होंगे।


Hriday Bhoomi 24

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.