April 30, 2026 |

खरगे की पहल, उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी दलों से सहमति बनाने की कोशिश

Hriday Bhoomi 24

नई दिल्ली  
विपक्षी गठबंधन इंडिया उपराष्ट्रपति पद के लिए संयुक्त उम्मीदवार उतारेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे संभावित नामों पर चर्चा करने और इस पर आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क कर रहे हैं। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। खरगे ने कहा कि विपक्षी गठबंधन में यह प्रबल भावना है कि विपक्षी दलों को नतीजे की परवाह किए बिना मजबूत राजनीतिक संदेश भेजने के लिए मुकाबले से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चुनने पर कोई चर्चा नहीं हुई है, लेकिन संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श के लिए इंडिया गठबंधन के साझेदारों के बीच बातचीत चल रही है। खरगे आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क कर रहे हैं।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, सभी दलों में इस बात पर आम सहमति है कि इंडिया उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त उम्मीदवार उतारेगा। हालांकि, विपक्षी खेमे के एक वर्ग का मानना है कि भाजपा की ओर से अपने उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही इंडिया को अपना उम्मीदवार तय करना चाहिए। हाल के समय में इंडिया के घटक दलों के बीच एकता बढ़ी है, जिन्होंने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और कथित चुनाव धांधली के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया है। एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए इंडिया के शीर्ष नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर रात्रिभोज बैठक आयोजित की। बिहार में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के साथ-साथ भाजपा-निर्वाचन आयोग के वोट चोरी मॉडल के खिलाफ लड़ने की प्रतिबद्धता जताई।

खरगे के आवास पर विपक्षी गुट की बैठक
लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद जून 2024 में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी गुट के शीर्ष नेताओं की बैठक के बाद आमने सामने की यह पहली बैठक थी। बैठक में 25 दलों के कई नेता मौजूद थे जिनमें खरगे, सोनिया गांधी, एनसीपी-(एसपी) प्रमुख शरद पवार, नेशनल कॉन्फ्रेंस सुप्रीमो फारूक अब्दुल्ला, पीडीपी की महबूबा मुफ्ती, सपा के अखिलेश यादव, राजद के तेजस्वी यादव, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, डीएमके के तिरुचि शिवा व टीआर बालू, माकपा के एमए बेबी, भाकपा के डी राजा, भाकपा (माले) के दीपांकर भट्टाचार्य और एमएनएम प्रमुख कमल हासन शामिल थे।

'वोट चोरी मॉडल' के बारे में बताया
बैठक के दौरान राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग के माध्यम से भाजपा के कथित तौर पर वोट चोरी मॉडल पर एक प्रस्तुति दी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बैठक को सबसे सफल बैठकों में से एक बताया। यह पूछा गया कि क्या उपराष्ट्रपति चुनाव पर भी चर्चा हुई? इस पर उन्होंने कहा, 'उपराष्ट्रपति चुनाव पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई। इसके लिए और भी मौके हैं।' खरगे सोमवार को इंडिया अलायंस के सांसदों के लिए रात्रिभोज का भी आयोजन करेंगे। जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए 4 अगस्त की शाम को अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया, हालांकि उनके इस्तीफे के पीछे अन्य कारणों को लेकर लगातार चर्चा हो रही है।

एनडीए गठबंधन की मजबूत स्थिति
दोनों सदनों की प्रभावी संख्या 781 है। उपराष्ट्रपति पद के लिए विजयी उम्मीदवार को 391 वोट हासिल करने होंगे, बशर्ते सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। उपराष्ट्रपति चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सभी सदस्य मतदान करते हैं। इनमें मनोनीत सदस्य भी शामिल हैं। ऐसा मालूम होता है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पक्ष में लगभग 422 सदस्य हैं। निर्वाचन आयोग ने 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए पिछले अधिसूचना जारी कर दी है। धनखड़ के उत्तराधिकारी के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी, राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी को तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें क्रमानुसार न होने के कारण अस्वीकार कर दिया गया। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। दस्तावेजों की जांच 22 अगस्त को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 25 अगस्त है।

 


Hriday Bhoomi 24

हमारी एंड्राइड न्यूज़ एप्प डाउनलोड करें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Verified by MonsterInsights