शिक्षा रूपी शेरनी का दूध पिएं : महेश बड़ोले
अजाक्स कार्यालय में अंबेडकर जयंती मनाई, शिक्षा पर जोर दिया

हृदयभूमि, हरदा।
जिला अजाक्स अध्यक्ष श्रीमती सीमा निराला के नेतृत्व में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134 वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर अजाक्स द्वारा डाॅ. अंबेडकर के जीवन पर स्कूली बच्चों की सामान्य ज्ञान परीक्षा आयोजित की गई। इसके साथ बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले समाज के मेघावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि टिमरनी एसडीएम महेश बड़ोले, विशेष अतिथि श्रीमती संगीता बिले, पार्षद श्रीमती मीना राजेंद्र नागरे, पालिटेक्निक कालेज के पूर्व प्राचार्य सीएस चौहान, एकलव्य विद्यालय रहटगांव के प्राचार्य आरडी चोलकर, लोक अभियोजक सुखराम बामने, जिला आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष लोकश कलमे, अजाक्स के पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश मर्सकोले, सिंगोन सरपंच सुनील गिल चौहान, पूर्व प्रधान पाठक राम अवतार चौरसिया, पार्षद सुनील गीते, श्रीमती संगीता बिले, श्रीमती ज्योति परते, तुकाराम चोरे, ओमप्रकाश देवहारे, हीरालाल चौहान, सोनाक्षी वामने, सीएम राईज स्कूल प्राचार्य पीसी दादरे तथा प्रभुदयाल उमरिया आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजाक्स जिलाध्यक्ष श्रीमती सीमा निराला ने की।
शिक्षा और संगठन पर बल दिया-
इस आयोजन में संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एसडीएम महेश बडोले ने कहा कि बाबा साहब के बारे में बात करने के लिए एक सदी भी कम पड़ जाए। उनका कहना था कि मैंने शेरनी का दूध पिया है। इसलिए मुझे कहीं कोई भय नहीं। यह शेरनी शिक्षा थी जिसके कारण उन्होंने संविधान में बड़े प्रावधान किए। उनके पास शिक्षा की वो डिग्री थी जो दुनिया में एक-दो लोगों को ही मिली।
लोक अभियोजक सुखराम वामने ने भी कहा कि शिक्षा मिलने के बाद हमें संगठित होना आ जाएगा। उन्होंने अजाक्स कार्यालय में रहकर अपनी पढ़ाई के दिनों की यादें साझा की।
–पूर्व अजाक्स जिलाध्यक्ष रमेश मर्सकोले ने भी संगठन की शक्ति पर प्रकाश डाला। उन्होंने छोटे-छोटे उदाहरण देकर कहा कि यही हमारी असली ताकत है। इसलिए हमारा संगठित होना जरूरी है।
-अंत में अजाक्स जिलाध्यक्ष सीमा निराला ने कहा कि हमें अपने बच्चों को ऐसे ऊंचे सपने दिखाना चाहिए जो उन्हें सोने न दे। ताकि समाज की नई पीढ़ी ऊंचे पदों पर जाए। उन्होंने कहा कि हमें बाबा साहब की पूजा नहीं करना है। हमें उनके पदचिन्हों पर चलना है, तभी उनके मकसद को पाया जा सकता है। श्रीमती निराला ने इतने बड़े आयोजन को सफल बनाने में अपनी टीम के सभी सदस्यों का आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनसे प्रेरणा लेने पर जोर दिया। इस मुख्य कार्यक्रम के पूर्व अजाक्स के पदाधिकारियों ने अंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस कार्यक्रम का सफल संचालन अजय भदौरिया ने किया। अंत में सुभाष मर्सकोले ने सभी अतिथियों का आभार माना।
मेघावी प्रतिभाओं का हुआ सम्मान-
कार्यक्रम में अजाक्स द्वारा डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आयोजित सामान्य ज्ञान परीक्षा में प्रथम तीन स्थानों पर पुरस्कार दिए। इसमें प्रथम पुरस्कार 2100 रुपए राधिका विनोद सरयाम, द्वितीय पुरस्कार 1500 रुपए अंकित अनिल धुर्वे तथा तृतीय स्थान पर शीतल धुर्वे व अर्चना राजेंद्र पारदे को संयुक्त रूप से 700-700 रुपये का पुरस्कार दिया। इसी प्रकार बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।