May 14, 2026 |

#खेल : सिंगोड़ा की टीम विजेता, मुरलीखेड़ा की उपविजेता रही

वनग्राम आमढाना में हुई कबड्डी प्रतियोगिता

Hriday Bhoomi 24

हृदयभूमि, हरदा।

मध्यप्रदेश शासन के वन विभाग के निर्देश पर वन मंडल हरदा (सामान्य) द्वारा वनग्राम के युवाओं में खेलों एवं वन सुरक्षा, वन्य प्राणी सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा आदि के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत वन परिक्षेत्र मगरधा के वनग्राम बापचा के समीप आमढाना में लाभांश की राशि से वन सुरक्षा समिति स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

वन सुरक्षा की जानकारी दी –

प्रतियोगिता के पूर्व वन परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश रघुवंशी मुकेश रघुवंशी ने वन सुरक्षा समिति की टीमों एवं समिति सदस्यों को वन सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं वन्य प्राणी सुरक्षा की जानकारी दी। श्री रघुवंशी ने आगामी समय में वनों की सुरक्षा करने हेतु वन सुरक्षा समितियों के सदस्यों को प्रेरित किया।

अतिथियों ने किया खेल का शुभारंभ –

कबड्डी प्रतियोगिता के इस मौके पर मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत पटाल्दा के सरपंच गुलाब दिनकर, बापचा वन सुरक्षा समिति अध्यक्ष मौजीलाल एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी मुकेश रघुवंशी ने उपस्थित  खिलाड़ियों को वन सुरक्षा समिति की कबड्डी किट प्रदान कर खेल का शुभारंभ किया।

इन टीमों ने भाग लिया –

इस प्रतियोगिता में वन सुरक्षा समिति मुरलीखेड़ा, बंशीपुरा, बड़झिरी, लाखादेह, जूनापानी, बिटिया, सिंगोडा, चूरनी, बापचा तथा इंद्रपुरा की कबड्डी टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में वन सुरक्षा समिति सिंगोड़ा की टीम विजेता एवं वन सुरक्षा समिति मुरलीखेड़ा की टीम उपविजेता रही।   

नगद इनाम और शील्ड दी –

विजेता टीम को 5100 रुपए तथा शील्ड एवं उपविजेता टीम को 3100 रूपए की राशि तथा वन सुरक्षा समिति बापचा एवं रातामाटी की ओर से शील्ड प्रदान की गई। प्रतियोगिता के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले बेस्ट रेडर एवं बेस्ट कैचर को भी शील्ड प्रदान की गई। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का वनमंडल स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। ऐसे आयोजनों से वनग्रामों के युवाओं में खेल कौशल निखरेगा। वहीं लोगों में जागरूकता भी आएगी।

आयोजन के मुख्य सूत्रधार –

इस आयोजन में परिक्षेत्र सहायक लक्ष्मीनारायण गौंड, लाखादेह परिक्षेत्र सहायक जोहन सिंह परते, तालिब मेमन एवं समस्त स्टाफ ने विशेष योगदान किया।


Hriday Bhoomi 24

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.