शाबाश ! हरदा आबकारी : 13 ढाबों पर छापे, 5 पर प्रकरण, जप्ती मात्र 38 क्वार्टर
बडे शोर-सपाटे से कार्यवाही कर निभाई औपचारिकता

हरदा/ जिले के आबकारी विभाग ने प्रेसनोट जारी कर बड़ी कार्रवाई करने का बयान किया है। विभाग ने बड़े शोर-सपाटे के साथ 13 ढाबों की जांच कर 5 केस बनाकर मात्र 3040 रुपए मूल्य के 38 पौवे जप्त कर अपनी उपलब्धि बताई है।
आबकारी विभाग के दल ने रविवार को अवैध मदिरा विक्रय संग्रहण व परिवहन के मामलों में कार्यवाही करने का दावा किया है। बड़े शोर-सपाटे के साथ जिले में एक साथ 13 ढाबों पर छापे डालकर 5 पर केस तो बनाए, और जप्ती भी मात्र 3040 रुपए मूल्य के 32 देशी पौवे और 6 अंग्रेजी पौवे की हुई। इतनी बड़ी कार्रवाई करने में कितना बड़ा अमला और डीजल-पेट्रोल लगा यह हम नहीं बता रहे। बहरहाल जारी तस्वीरें बता रही हैं कि विभाग द्वारा कार्रवाई तो बड़ी ताबड़तोड़ की गई है।

जिला आबकारी अधिकारी रितेश लाल ने एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि उनके विभागीय दल ने वृत खिरकिया में न्यू इंडियन ढाबा, यादव श्री ढाबा, देशी तड़का ढाबा, पप्पू ढाबा सिराली, ठाकुर दा ढाबा सिराली, ठाकुर ढाबा चारूवा, जायसवाल ढाबा छीपाबड़, देवा ढाबा छिपाबड़, अपना ढाबा छीपाबड़, गोपाल ढाबा एण्ड रेस्टोरेन्ट छीपाबड़, प्रिंस ढाबा मांदला तथा पटेल ढाबा मांदला में दबिश देकर कुल 32 पाव देशी शराब एवं 6 पाव अंग्रेजी शराब जप्त की। उन्होंने बताया कि मुद्देमाल जप्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए। जप्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 3040 रूपये है।
वैसे यह प्रकरण अवैध भंडारण का बनाया गया है या अवैध रूप से पिलाने का इसका खुलासा भी जनसंपर्क विभाग को जारी विभाग के इस कथित प्रेसनोट में नहीं हुआ है। मगर, ऐसा बताया जाता है कि विधि अनुसार एक व्यक्ति एक-दो लीटर शराब अपने पास रख सकता है और परिवहन कर सकता है। सो इस प्रकार अवैध भंडारण वाली इतनी बड़ी जप्ती के बाद सभी ढाबे संचालक सहमे हुए हैं।