
हरदा। हंडिया तहसील के कुंजरगांव की फैक्ट्री में करंट लगने से श्रमिक की मौत मामले में अनेक अनियमितता मिली। यहां खसरा नम्बर 91/28 पर 0.011 हेक्टेयर रकबा भूमिस्वामी मनीबाई पत्नि नंदलाल अग्रवाल एवं खसरा नम्बर 91/46 कुल 0.009 हेक्टेयर रकबा भूमिस्वामी सोमेश पिता नंदलाल अग्रवाल के नाम राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। यहां फैक्ट्रीनुमा भवन और टीनशेड में एक दिन पूर्व चौकीदार अनिल पिता रामदयाल जाति कतिया की करंट से मौत हो गई। इस पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), एसडीओपी अनुविभागीय अधिकारी हरदा के साथ हंडिया तहसीलदार, थाना प्रभारी, श्रम निरीक्षक तथा बिजली विभाग के सहायक यंत्री द्वारा संयुक्त निरीक्षण दौरान कुछ कमरों में बारूद जैसा पदार्थ मिला। भूमिस्वामी व मृतक के परिजन उपस्थित नहीं होने से वैधानिक दस्तावेज न होने पर कमरों को पंचगणों के सामने सीलबंद किया। विद्युत अधिकारियों ने भी वैध कनेक्शन नहीं पाया। पुलिस, राजस्व, विद्युत एवं श्रम विभाग द्वारा जाँच में मिली अनियमितताओं पर वैधानिक कार्यवाही होगी।