रिश्वतखोरी में एनएचएआई जीएम सहित हरदा का अधिकारी भी गिरफ्तार
सीबीआई की कार्रवाई में हरदा का अधिकारी भी आरोपी

भोपाल। केंद्रीय जांच ब्यूरो की टीम ने रिश्वत के आरोप में बंसल कंस्ट्रक्शन के निदेशक अनिल बंसल, उनके बेटे कुणाल सहित 6 को गिरफ्तार किया है, उनमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के जीएम व पीआइयू नागपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद काले और बृजेश कुमार साहू उप महाप्रबंधक (डीजीएम) सहित हरदा के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एनएचएआइ भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार बंसल कंपनी के कर्मचारी सी कृष्णा एवं छतर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। सीबीआइ के अधिकारियों ने बताया के कंपनी का कर्मचारी छतर सिंह एनएचएआइ के जीएम काले को 20 लाख रुपये रिश्वत देते पकड़ा।
उन्हें यह रिश्वत विभिन्न प्रोजेक्ट का पूर्णता प्रमाण-पत्र, लंबित बिलों के भुगतान के लिए कंपनी के कर्मचारी द्वारा रिश्वत दी जा रही थी। नागपुर, हरदा में एनएचएआइ के अधिकारियों और भोपाल में बंसल कंस्ट्रक्शन से जुड़े स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की है। टीम ने सभी स्थानों से रिश्वत की राशि 1 करोड़ 10 लाख रुपये जब्त की है।
मामले में एनएचएआइ के चार अधिकारी, बंसल कंस्ट्रक्शन वर्क्स, कंपनी के दो निदेशक, कर्मचारी और अन्य के विरुद्ध प्रकरण कायम किया है। आरोप है कि कंपनी अपने कर्मचारियों के माध्यम से एनएचएआइ के अधिकारियों को रिश्वत दे रही थी। एनएचएआइ के काम में धीमी गति, बिल पास करने, पूर्णता प्रमाण-पत्र हेतु यह रिश्वत दी जा रही थी। कंपनी के कर्मचारी जीएम अरविंद काले से इन कामों को लेकर नियमित संपर्क में रहते थे। यह कर्मचारी नागपुर सहित प्रदेश में अन्य स्थानों पर अधिकारियों को रिश्वत देते थे।
एजेंसी ने छापे में संबंधित दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस आदि भी जब्त की है। जांच अभी भी जारी है, जिसमें कुछ और नई जानकारियां सामने आ सकती हैं। साथ ही गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के बाद कुछ और आरोपित बनाए जा सकते हैं।
