
हृदयभूमि, हरदा।
बारिश के पश्चात नालियों की सफाई न होने और स्वच्छता के पर्व दिवाली के बाद शहर में स्वच्छता की अव्यवस्था को लेकर एक बार फिर नगर पालिका में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अमर रोचनानी ने नगर निकाय पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने मीडिया को जारी बयान में कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया और मुख्य नगर पालिका अधिकारी की लापरवाही से यहां की स्वच्छता व्यवस्था चौपट हो गई है। इस कारण शहर के हर मोहल्ले में कचरे के अंबार लगे हैं। जिससे नागरिकों का स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों खतरे में हैं। शहर से वार्ड वासियों की लगातार शिकायत के बाद भी स्थिति नहीं सुधार पा रही है रोचलानी ने आरोप लगाया कि जबसे श्रीमती कमेड़िया नपाध्यक्ष बनी है तब से शहर की दुर्गति होना शुरू हो गया है। श्री रोचलानी ने कहा कि वर्तमान नगर पालिका आज तक की सबसे निष्क्रिय नगर पालिका साबित हो रही है। उन्होंने अनेक मुद्दे उठाकर निकाय को घेरने का प्रयास किया है।
अव्यवस्थित डंप एरिया-
नगर पालिका द्वारा हर वार्ड में एक डंप एरिया बनाया गया है, लेकिन इसका सही प्रबंधन नहीं किया जा रहा है। कचरे को उठाने के लिए कोई प्रभावी योजना नहीं है। सफाई में लापरवाही के कारण शहर में गंदगी का साम्राज्य बढ़ता जा रहा है और बदबू से नागरिकों का जीना दूभर हो गया है।
स्वास्थ्य समस्या-
नगर सीमा के अंदर जगह-जगह कचरे के ढेर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन रहे हैं। यह स्थिति न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रही है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा उत्पन्न कर रही है। डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियाँ तेजी से फैल रही हैं, और शहर के लोग गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
पर्यावरण को खतरा-
वार्डवासियों से लगातार आ रही शिकायतों के अनुसार, नगर पालिका के कर्मचारी सफाई करते समय कचरे के ढेर में आग लगा रहे हैं। यह न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि इससे धुएँ और बदबू भी फैलती है, जो स्थानीय लोगों के लिए समस्याएँ उत्पन्न कर रही हैं।
कचरे की अनदेखी-
पिछले दो साल से कचरे की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। पूर्व के नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा शहर के मुख्य चौक चौराहे पर सुबह और शाम को दो बार सफाई होती थी, किंतु यह व्यवस्था अब पूरी तरह से भंग हो चुकी है। शहर के नागरिक अब गंदगी में जीने के लिए मजबूर हैं।
बारिश बाद से अव्यवस्थित नालियां –
बारिश के बाद वार्ड की नालियों में कचरा भरा हुआ है। नियमित सफाई का कार्य पूरी तरह से बंद हो चुका है, जिससे सभी नदियों में कचरा भरा गया है। बदबू और गंदगी के कारण नागरिकों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बीमारियों का फैलाव-
सफाई की अव्यवस्था के कारण शहर में बीमारियाँ फैल रही हैं। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियाँ अपने पांव पसार चुकी हैं, जिसके कारण कई लोगों की बीमारी की चपेट में आने से मृत्यु भी हुई है।
निगरानी की कमी-
नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेड़िया ने दो साल पूर्व नगर पालिका का कार्यभार संभाला था। तब लोगों को दिखाने के लिए शहर का भ्रमण किया और सफाई को लेकर गंभीरता दिखाई थी। लेकिन अब अध्यक्ष महोदया का कहीं पता नहीं है, वे नगर पालिका भी रोजाना नहीं आतीं, जिससे शहर में अव्यवस्थाएं फैल जा रही हैं।
योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन को लेकर दिखाए गए गंभीर प्रयासों के बावजूद, हर निकाय को करोड़ों रुपए दिए जा रहे हैं। लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष और उनके सहयोगियों द्वारा इन पैसों का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इस दुरुपयोग के कारण शहर में व्यवस्थित सफाई नहीं की जा रही है और दिन-ब-दिन हम सफाई के मामले में पीछे जा रहे हैं।
तत्काल कार्यवाही की आवश्यकता-
नेता प्रतिपक्ष अमर रोचनानी ने नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ से कहा कि वे इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर त्वरित कार्यवाही करें। हमें हरदा शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की आवश्यकता है।