
- हरदा। हरदा जिले के लिए यह अत्यंत गौरवशाली क्षण है कि इस माटी का लाल अमरजीत सिंह का मध्यप्रदेश की रणजी ट्रॉफी टीम में चयन हुआ है। जिले के इतिहास में यह पहले खिलाड़ी है जिनका प्रदेश की रणजी ट्रॉफी टीम के लिए चयन हुआ है। उनकी उपलब्धि से जिले के संपूर्ण खेल जगत में और सभी नागरिक हर्षोल्लासित हैं।
यह जानकारी हरदा जिला क्रिकेट संघ के मानसेवी सचिव हेमंत गोस्वामी ने दी। उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष कपिल फौजदार और मानसेवी सचिव अनुराग मिश्रा के आशीर्वाद और हरदा जिला एसोसिएसन के सदस्यों के शुभकामनाओं से अमरजीत का चयन मध्यप्रदेश रणजी ट्रॉफी टीम के लिए हुआ है। हरदा के इंद्रजीत सिंह जी ठेकेदार साहब का बेटा है। 
- अमरजीत सिंह की इस उपलब्धि से सभी गौरवान्वित हुए हैं। उनको सम्पूर्ण जिलेवासियो और जिला क्रिकेट एसोसीएसन के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, कोच मेहमूद कुरैशी, अरुण गुर्जर,राजेश तिवारी, संजय शर्मा, राशिद खान, अनीस खान, योगेश बैरागी, अनुराग करोलिया, सुशील दुबे, विशाल तिवारी एवं समस्त खिलाड़ियों द्वारा बधाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी।
*क्रिकेट एसोसिएशन बनने से निखरी प्रतिभाएं*
हाल के वर्षों में हरदा के युवा और किशोर वय के क्रिकेट जगत में नित नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। जिले के क्रिकेट जगत में यह करिश्मा बीते कुछ वर्षों से देखने में आया है। यहां हरदा जिला क्रिकेट एसोसिएशन का गठन होने के बाद यहां के युवा और किशोर वय के खिलाड़ियों को उत्तम मार्गदर्शन मिला। साथ ही देश प्रदेश के अच्छे कोच व खिलाड़ियों के भी टिप्स मिले। यहां उन्हें उत्तम खेल उपकरणों के साथ आसपास के जिले और संभागों में खेलने का मौका मिलने से यहां की गुमनाम प्रतिभाओं को निखारा जा सका है।
एसोसिएशन के सचिव हेमंत गोस्वामी ने कहा कि हमारे एसोसिएशन द्वारा रणजी मैच के दौरान भी अमरजीत सिंह को फुल सपोर्ट मिलेगा। ताकि वह बड़े स्तर पर हरदा का नाम रोशन कर सके।
