टिमरनी भाजपा में असंतोष, नाराज नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
जनसंपर्क दौरान झलक रही जनता की नाराजी, बता रहे समस्या

हरदा। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की टिकिट का ऐलान होते ही भाजपा में असंतुष्ट नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत शाह का दामन थाम लिया है।

श्री शाह ने गत दिवस ग्राम बैड़ियाखुर्द के शंकर मंदिर में पूजा अर्चना कर ग्राम में सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान भाजपा की रीति-नीति से नाराज होकर गांवों के भाजपा नेताओं ने भी पार्टी का दामन छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता लेना शुरू कर दिया। ग्राम में कांग्रेस के उम्मीदवार अभिजीत शाह (बाबा), सिराली ब्लॉक अध्यक्ष नागू पटेल, प्रेम नारायण मीणा के नेतृत्व में हुए जनसंपर्क दौरान चार नेता प्रवीण गुड्डू मीणा, प्रवीण मीणा, मुकेश मीणा, मुकेश लाखोडे ने भाजपा से इस्तीफा देने का ऐलान कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर मीडिया से चर्चा करते हुए अभिजीत शाह ने कहा कि हम भाजपा के झूठे वादों और प्रलोभनों के विरुद्ध संघर्ष कर जनता के हक की असली लड़ाई लड़ रहे हैं। इस पार्टी के जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता से टिमरनी के साथ सदैव अन्याय हुआ है। यहां न तो नहरों में पर्याप्त पानी मिलता है, न ही ड्रेनेज की उत्तम व्यवस्था है और न ही जनसमस्याओं को हल कराने के लिए समय पर विधायक कभी लोगों से मिलते हैं। उन्होंने गरीब मजदूरों और छोटे किसानों को हक दिलाने के लिए कांग्रेस के संघर्ष का ऐलान किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं के साथ ग्रामीणजन मौजूद थे।