हरदा। आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की उदघोषणा होने पश्चात जिला भारतीय जनता पार्टी हरदा पूरे चुनावी मूड में आ गई है। आयोग की घोषणा के पहले ही बैतूल-हरदा-हरसूद लोकसभा सीट पर ऐलान कर पार्टी स्तर पर जिला वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा चुका है।
आज 20 मार्च को भी जिला भाजपा द्वारा विधानसभा प्रबंधन समिति की कामकाजी एवं कार्य विभाजन संबंधी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चुनाव संबंधी कार्ययोजना बनाकर दायित्वों का भी वितरण किया गया। यह बैठक जिला अध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा की अध्यक्षता में की गई। यह जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दीपक नेमा ने दी।
चुनाव में अपना कीमती समय दें
जिला मीडिया प्रभारी दीपक नेमा ने बताया कि बैठक में जिला अध्यक्ष श्री वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में पार्टी को विजयी बनाने के लिए हमें मिलकर कार्य कर पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की सफलताओं से आम नागरिकों को अवगत कराना है।
हमारी कोशिश रहे कि इस चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान हो और लगातार तीसरी बार हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार फिर से काबिज हो सके। भारत वर्ष को थ्री ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने सहित दुनिया के अग्रणी देशों के साथ लाने हेतु भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपना कीमती समय दान करने का आग्रह किया।
कार्यकर्ताओं को सौंपे अलग-अलग दायित्व
इस बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नर्मदापुरम संभाग के प्रभारी पंकज जोशी ने विधानसभा चुनाव प्रबंधन समिति की टोली से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति की टोली को अलग-अलग कार्यों का मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग कार्यों की जानकारी देकर उन्हें जवाबदारी देकर उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में जाकर प्रदेश संगठन की मंशा अनुसार कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
भाजपा 28 विभाग बनाकर करेगी काम
भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव की दृष्टि से 28 विभाग बनाकर चुनाव संचालन समिति के द्वारा कार्य किया जाएगा। इसमें कॉल सेंटर, वाहन व्यवस्था, प्रचार सामग्री, प्रचार अभियान, सोशल मीडिया व हाईटेक अभियान, यात्रा व प्रवास, मीडिया प्रबंधन, बूथ विस्तार का कार्य, संसाधन जुटाना व उनका प्रबंधन, लेखा-जोखा, न्याय प्रक्रिया संबंधी व चुनाव आयोग से समन्वय, मतगणना, आंकड़े प्रलेखीकरण, दस्तावेजीकरण, घोषणा पत्र, आरोप पत्र आदि पर वीडियो वैन, प्रवासी कार्यकर्ता आदि पर कार्य होंगे। वहीं केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, सभी समाजों और समुदायों से सामाजिक संपर्क, युवा संपर्क, महिला संपर्क, एस सी संपर्क, एस टी संपर्क, झुग्गी झोपड़ी अभियान, विशेष संपर्क व्यावसायिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सघन जन संपर्क किया जाएगा।
इसके अलावा प्रचार साहित्य निर्माण, विज्ञापन बनाना व उनका मुद्रण, प्रचार सामग्री एवं साहित्य का वितरण पर भी विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। पार्टी द्वारा बनाई गई रणनीति अनुसार इन सभी विषयों पर कार्य किए जाएंगे।
सभी विभागों में दो-दो प्रभारी, सहप्रभारी बने
इस प्रकार पार्टी द्वारा बनाए गए सभी 28 विभागों का कुशल संचालन करने नियुक्ति की गई। इसके लिए प्रत्येक विभाग में दो-दो प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति की गई। इन विभागों को संचालन प्रभारियों तथा सहप्रभारियों द्वारा किया जाएगा।
कार्यों की समीक्षा होगी
विधानसभा क्षेत्र की एक बैठक पुनः होगी। इसमें सभी विभाग प्रभारियों से उनके कार्य और उसमें आ रही समस्याएं जानकर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक का संचालन जिला महामंत्री देवी सिंह सांखला ने किया।
पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित
पार्टी की आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में हरदा विधानसभा क्षेत्र में निवास करने वाले जिले के सभी पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सभी मंडल अध्यक्ष एवं दायित्ववान कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसी प्रकार टिमरनी विधानसभा क्षेत्र की बैठक टिमरनी में आयोजित की गई। इसमें टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए। इस बैठक में टिमरनी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।