हरदा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रदेश की लाड़ली बहनाओं को संबल प्रदान करने सस्ती रसोई गैस का ऐलान किया है। मगर इसे पाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इन दिनों यहां 450 रुपए में सस्ती रसोई गैस प्राप्त करने के लिए लाड़ली बहनाओं को शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके लिए अनुदान प्राप्तकर्ता सूची में नाम दर्ज कराने उन्हें स्वयं के नाम से जारी पुराना गैस कनेक्शन होने के अलावा बीपीएल राशन कार्ड, उज्जवल योजना की टंकी और लाड़ली बहना के पंजीयन संबंधी दस्तावेज और बुक नगर निकाय के कार्यालय में जमा कराना होगा।

यह जमा होने के बावजूद दस्तावेजों में मामूली परिवर्तन पर आपत्ति लगा दी जाती है। इससे अनेक हितग्राही उन परिवर्तन वाली कंडिकाओं में संशोधन कराने विभागों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। सभी को घबराहट है कि आचार संहिता लगने बाद काम रुक न जाए।