April 30, 2026 |

सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी शेयर न करें -आईजी

सायबर सुरक्षा कार्यशाला में दी समझाईश

Hriday Bhoomi 24


हरदा / मंगलवार को हरदा पुलिस द्वारा स्थानीय होटल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम मिथिलेश शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पुलिस उप महानिरीक्षक प्रशांत खरे उपस्थित हुए। इस अवसर पर कलेक्टर आदित्य सिंह और पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे मौजूद थे। कार्यशाला का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक श्री शुक्ला ने उपस्थित नागरिकों को समझाया कि कभी भी सोशल मीडिया पर अपनी लाइव लोकेशन और कोई भी व्यक्तिगत जानकारी शेयर ना करें। उन्होंने कहा कि अपनी डीपी या स्टेटस पर कभी भी लाइव लोकेशन वाले फोटो अपलोड न करें। आईजी श्री शुक्ला ने इस अवसर पर नागरिकों को समझाया कि अनजान व्यक्तियों के वीडियो कॉल कभी भी अटेंड ना करें। उन्होंने कहा कि कभी भी साइबर ठगी संबंधी कोई भी घटना हो जाने पर घबराएं नहीं, बल्कि निकटतम पुलिस थाने में इसकी सूचना दें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करें।
पुलिस उप महानिरीक्षक प्रशांत खरे ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा इन दिनों साइबर जागरूकता कार्यक्रम के तहत ‘सेफ क्लिक अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कभी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी नंबर शेयर ना करें तथा अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। उन्होंने कहा कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसी कोई अवधारणा नहीं होती है, अतः इससे डरे नहीं। डीआईजी श्री खरे ने सभी से अनुरोध किया कि आज की कार्यशाला में जो भी जानकारी आप सीख रहे हैं, उसे कृपया अपने दोस्तों और परिचितों को जरूर बताएं, ताकि वे लोग भी साइबर अपराधों के प्रति बचाव के लिए जागरूक रहें ।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने मध्य प्रदेश पुलिस के साइबर जागरूकता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से हम केवल जागरूक रहकर ही बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर कभी भी घबराएं नहीं बल्कि मजबूती से उसका सामना कर अपने निकटतम पुलिस थाने या पुलिस की साइबर सेल को इसकी सूचना दें।

पुलिस अधीक्षक श्री चौकसे ने उपस्थित नागरिकों से कहा कि आज की कार्यशाला में दी जा रही उपयोगी जानकारी का लाभ उठाएं तथा अपने मित्रों और संबंधियों को भी इसके बारे में बताएं ताकि वे लोग भी साइबर ठगी से बच सकें। कार्यशाला में सायबर अपराधों से बचाव संबंधी फिल्म प्रदर्शित की गई तथा पावर पाईन्ट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को जानकारी दी गई।

*‘सुरक्षित इंटरनेट दिवस’ पर साइबर जागरूकता कार्यशाला संपन्न*
स्थानीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कार्यशाला आयोजित कर महाविद्यालय एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि इंटरनेट का प्रयोग सोच समझकर करें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आज का युग सूचना और जानकारी का युग है। इंटरनेट के जितने लाभ हैं उतना ही इंटरनेट के लापरवाहीपूर्वक प्रयोग से हानियां भी है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरूण सिकरवार, एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शैलेष दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश पाटीदार सहित अन्य प्राध्यापकगण भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों को समझाया कि जब भी कोई साइबर ठगी जैसी स्थिति बने तो साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल सूचित करें। उन्होने कहा कि सोशल मीडिया पर प्राप्त जानकारी पर कभी भी बिना सोचे समझे भरोसा न करें।

सोशल मीडिया पर प्राप्त जानकारी भ्रामक और गलत भी हो सकती है। अतः उसकी पुष्टि जरूर कर लें। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों से कहा कि मोबाइल पर आई हुई किसी भी संदिग्ध लिंक को कभी भी ना खोलें। एनआईसी के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री दुबे ने इस अवसर पर पावर पाईन्ट प्रेजेन्टेशन व फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों को साबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से समझाया।


Hriday Bhoomi 24

हमारी एंड्राइड न्यूज़ एप्प डाउनलोड करें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Verified by MonsterInsights