हरदा/ अनुसूचित जाति व जनजातीय वर्ग के विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिये एमपीटास पोर्टल पर अब 15 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग हरदा ने बताया कि अनुसूचित जाति व जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के लिये एमपी टास पोर्टल पर वर्ष 2022-23, 2023-24 व 2024-25 के ऑनलाइन छात्रवृत्ति आवेदन करने के लिये पोर्टल खोला गया है। उन्होने सभी शासकीय व अशासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को अपने महाविद्यालय में अध्ययनरत अनुसूचित जाति जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के नवीन व नवीनीकरण आवेदन कराएं।
*आपदा प्रबन्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न*
हरदा / आपदा प्रबन्धन प्रशिक्षण, मॉकड्रिल एवं जागरूकता अभियान के तहत एक दिवसीय आपदा प्रबन्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय होटल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर आदित्य सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा एवं मानव निर्मित आपदा कभी भी पूर्व सूचना देकर नहीं आती है बल्कि अचानक ही आती है। अतः इससे बचाव के लिये हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को प्राकृतिक आपदा की स्थिति से निपटने के लिये आज का प्रशिक्षण बहुत उपयोगी सिद्ध होगा।
कलेक्टर श्री सिंह ने इस अवसर पर कहा कि हरदा जिले में नर्मदा नदी के साथ-साथ अन्य नदियां भी हैं, जिनसे वर्षा ऋतु में बाढ़ का खतरा बना रहता है। अतः बाढ़ की स्थिति से निपटने की कार्य योजना बनाकर आवश्यक तैयारी की जानी चाहिए। उन्होने कहा कि गत वर्ष पटाखा फैक्ट्री दुर्घटना हुई थी। ऐसी परिस्थिति से भी निपटने के लिये जिला प्रशासन को हमेशा तैयार रहना होता है। कार्यक्रम में होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमाण्डेन्ट मयंक जैन व कम्पनी कमाण्डर श्रीमती रक्षा राजपूत सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
